*लगभग 10 वरिष्ठ अनुवाद अधिकारियों की सतर्कता अनापत्ति अब भी लंबित। *एसोसिएशन ने वेतन आयोग को अपनी मांगें सौंपी। *सहायक निदेशक के पद पदोन्नति से भरे जाने संबंधी अधिसूचना जारी। * उप-निदेशकोंं और संयुक्त निदेशकों की पदोन्नति के प्रयास तेज़ हुए। *7 सहायक निदेशक उप-निदेशक बने। * डीओपीटी के अपर सचिव से विभिन्न स्तरों पर लंबित पदोन्नति को लेकर चर्चा। *एपीएआर रिपोर्टिंग अधिकारी को प्रस्तुत किए जाने की समय-सीमा बढ़कर 15 जून हुई।

शुक्रवार, 29 दिसंबर 2023

सुखद वर्षांत : 25 एसटीओ और 46 जेटीओ पदोन्नत;स्टैंड रिलीव्ड के आदेश

साथियो,

वरिष्ठ और कनिष्ठ अनुवाद अधिकारियों पदोन्नति के बहुप्रतीक्षित आदेश जारी हो गए हैं। आदेश के अनुसार, कुल 25 वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी सहायक निदेशक बनाए गए हैं जबकि 46 कनिष्ठ अनुवाद अधिकारियों को वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी के रूप में पदोन्नति दी गई है:-

एसटीओ की पदोन्नति का आदेशः

https://rajbhasha.gov.in/sites/default/files/sewa29december23.pdf


जेटीओ की पदोन्नति का आदेशः

https://rajbhasha.gov.in/sites/default/files/sewa29dec2023.pdf

कुल मिलाकर, इस सप्ताह तीन (सहायक निदेशकों की पदोन्नति सहित) महत्वपूर्ण आदेश जारी किए गए और इस प्रकार अब उप-निदेशक तक के स्तर पर ऐसा कोई पात्र कर्मी नहीं है जिनकी पदोन्नति अर्हता प्राप्त करने के बावजूद शेष हो। ये पदोन्नतियां सभी संबंधितों के लिए नववर्ष के किसी तोहफ़े से कम नहीं।

अधिकारी एसोसिएशन सभी नवपदोन्नत सहायक निदेशकों का हार्दिक अभिनंदन करता है। 

नए वरिष्ठ अनुवाद अधिकारियों को भी बधाई जिनके फोन लगातार एसोसिएशन को प्राप्त होते रहे।

एसोसिएशन को इस बात की विशेष चिंता रही कि सभी पदोन्नत अधिकारी 1 जनवरी,2024 को नए पद पर कार्यग्रहण अवश्य कर लें ताकि उन्हें न तो कोई वित्तीय नुकसान हो और न ही अगली पदोन्नति के लिए उनकी पात्रता की गणना पर कोई फर्क पड़े।

इस आदेश की ख़ास बात यह है कि सभी साथियों को स्टैंड रिलीव्ड कर दिया गया है अर्थात् यदि किन्हीं कारणवश उन्हें वर्तमान कार्यालय 01 जनवरी,2024 को कार्यमुक्त नहीं करता, तो वे राजभाषा विभाग के आदेश की प्रति लेकर नए कार्यालय में कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं। 

आगे भी, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारियों से निदेशक तक के स्तर पर-जो कुछ भी करना आवश्यक होगा, एसोसिएशन की उसमें सक्रिय भूमिका के प्रति सभी साथी आश्वस्त रहें।

एसोसिएशन की अगली प्राथमिकता शेष सहायक निदेशकों में से वरिष्ठतम की पदोन्नति को गति प्रदान करना है ताकि उप-निदेशक के और अधिक पद भरे जा सकें और संवर्ग का कामकाज सुचारु तरीक़े से चल सके। 

एसोसिएशन द्वारा नवपदोन्नत अधिकारियों के औपचारिक स्वागत के लिए एक विशेष बैठक प्रस्तावित है जिसके संबंध में शीघ्र ही सभी संबंधितों को सूचित किया जाएगा।

सम्प्रति,पदोन्नत सभी अधिकारियों को बधाई और नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं। 

मंगलवार, 26 दिसंबर 2023

41 अधिकारी उप-निदेशक बने, सहायक निदेशक और एसटीओ भी इसी हफ्ते बनेंगे

मित्रो,
41 सहायक निदेशकों की उप-निदेशक के रूप में पदोन्नति का आदेश जारी हो गया है। कुछ साथियों के एपीएआर समय पर मिल गए होते, तो यह आदेश कुछ और समय पूर्व जारी हो सकता था। कुछेक अपवादों को छोड़कर, पांच वर्ष की नियमित सेवा पूरी कर चुके अधिकतर अधिकारियों का स्थानांतरण नीति के अनुरुप तबादला किया गया है। सभी पदोन्नत साथियों को बधाइयां और शुभकामनाएं। एसोसिएशन को विश्वास है कि समस्त अधिकारीगण, और विशेषकर वे जिन्हें स्थानांतरण के साथ पदोन्नति मिली है, अपने नए कार्यालयों में अपने अधीनस्थों के लिए प्रेरणा-स्रोत सिद्ध होंगे।

वरिष्ठतम अनुवाद अधिकारियों की डीपीसी के साथ ही उनकी पदोन्नति के आदेश भी इसी सप्ताह जारी हो जाएंगे। हमारे वरिष्ठ अनुवाद अधिकारियों की पदोन्नति से जो रिक्ति सृजित होगी, उसी के एवज में कनिष्ठ अनुवाद अधिकारियों की पदोन्नति की जानी है जिनके लिए डीपीसी पहले ही हो चुकी है। एसटीओ की पदोन्नति के आदेश के साथ ही जेटीओ की पदोन्नति के आदेश भी इसी सप्ताह जारी होने हैं।   
 

 

मंगलवार, 18 अप्रैल 2023

सबकी उन्नति,सबका कल्याण

साथियो,

आप अवगत होंगे कि अधिकारी एसोसिएशन की बैठक दिनांक 13 अप्रैल, 2023 को एनडीसीसी भवन में आयोजित की गई थी। बैठक में सभी स्तर के अधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति रही और सौहार्दपूर्ण माहौल में संवर्ग संबंधी मुद्दों पर सविस्तार चर्चा की गई। इनमें संवर्ग समीक्षा की स्थिति, विभिन्न स्तरों पर पदोन्नति की अड़चनों को दूर करने के लिए किए जा रहे प्रयास, सहायक निदेशक स्तर पर सीधी भर्ती की संख्या के समायोजन, अप्रूव्ड सर्विस का प्रस्ताव डीओपीटी द्वारा ठुकराए जाने पर एसोसिएशन की भावी कार्यनीति, वरिष्ठतम सहायक निदेशकों की पदोन्नति और कार्यकारिणी में बदलाव के मुद्दे प्रमुख रहे।

बैठक में, हाल ही में फिजी में आयोजित 12वें विश्व हिंदी सम्मेलन में संवर्ग के अधिकतर अधिकारियों के न जा पाने का मुद्दा भी उठाया गया और सदस्यों ने इसके लिए उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने पर विशेष रूप से ज़ोर दिया ताकि ऐसी अनिश्चितता की स्थिति आगे न बनने पाए और किसी को भी एक स्थापित व्यवस्था से खिलवाड़ करने की अनुमति न मिले और हिंदी सम्मेलनों की गरिमा बनी रहे। 

बैठक का कार्यवृत्त संलग्न है ताकि विशेषकर जो सदस्य बैठक में किन्हीं कारणों से उपस्थित न हो सके, वे स्वयं को अद्यतन रख सकें।

एसोसिएशन को विश्वास है कि अनुपस्थित साथियों को बैठक की विहंगम तस्वीरों से इस विराट आयोजन की एक झलक मिलेगी और वे भी आगामी बैठकों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रति प्रेरित होंगे।










 


गुरुवार, 13 अप्रैल 2023

अधिकारी संवर्ग की बैठक आज

 मित्रो,

केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अधिकारी एसोसिएशन की आज एक महत्वपूर्ण बैठक हो रही है। आयोजन स्थल है-राजभाषा मुख्यालय भवन यानी एनडीसीसी बिल्डिंग-2 में प्रथम तल पर स्थित कांफ्रेंस हॉल। समयःदोपहर 1 बजे। बैठक के संबंध में व्हाट्सऐप ग्रुप में सूचना दी गई है और कई साथियों को फोन से भी सूचित करने के हरसंभव प्रयास किए गए हैं।

पिछले कुछ समय से संवर्ग समीक्षा, सहायक निदेशक के स्तर पर सीधी भर्ती को युक्तिसंगत बनााने और विभिन्न स्तरों पर पदोन्नति का मामला चर्चा का विषय रहा है और एसोसिएशन इस दिशा में लगातार सक्रिय है। यह समय ऐसे ही कुछ अहम मसलों पर सर्वसम्मति से राय बनाने का है और इसलिए आज की यह बैठक अत्यन्त महत्वपूर्ण है।

अधिकारी एसोसिएशन के सभी सदस्यों से बैठक में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का अनुरोध है ताकि व्यापक विचार-विमर्श हो सके और सबको अपनी बात रखने का मौक़ा मिले और समेकित रूप से किसी निर्णय पर पहुंचा जा सके। बैठक सायास भोजन अवकाश के समय रखी गई है ताकि कार्यालय में सामान्य कामकाज में बाधा न पड़े।

बैठक में कार्यकारिणी के संबंध में भी कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने हैं।

तदनुसार, सभी से सहभागिता कर इस बैठक में योगदान का अनुरोध है।